रूस ने अमेरिका के साथ सहयोग की इच्छा जताई

मास्को
अमेरिका और रूस के बीच कई मसलों पर उभरे मतभेद के बीच मास्को ने वाशिंगटन के साथ सहयोग की इच्छा जताई है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि उनका देश अमेरिका के साथ हर तरह के परस्पर लाभकारी सहयोग के लिए तैयार है।
शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, लावरोव ने शुक्रवार को अमेरिकी शोधकर्ताओं के साथ बैठक में कहा, ‘हम लोगों के बीच कई समस्याएं हैं। इनका संयुक्त रूप से समाधान निकालने की जरूरत है। इसमें न सिर्फ हम दोनों देशों बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की रुचि है।’
उन्होंने कहा कि सीरिया में रूस-अमेरिका सहयोग मतभेदों को दरकिनार कर आम हितों पर केंद्रित करने का एक उदाहरण है। हालांकि यह सहयोग भी समस्या मुक्त नहीं है। दोनों शक्तियों के बीच ईमानदार और स्पष्ट सहयोग से हथियार नियंत्रण और आतंक रोधी अभियानों समेत कई मसलों के हल में मदद मिल सकती है। लावरोव ने कहा, ‘मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि पूरी दुनिया इसकी उम्मीद कर रही है।’
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रूस उन प्रयासों को कतई स्वीकार नहीं करता है कि अमेरिका में हर नकारात्मक चीज के लिए उनके देश को जिम्मेदार ठहराया जाए। ज्ञात हो कि पिछले साल अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में रूसी दखल के आरोप लगाए गए थे।

Leave a Reply