Breaking News

महराजगंज में प्रेमी की रिहाई के लिए मासूम संग टंकी पर चढ़ी-


रतन गुप्ता उप संपादक

महराजगंज। प्रेमी को जेल से छोड़ने की मांग करते हुए एक किशोरी आठ दिन के मासूम को गोद में लेकर बृहस्पतिवार दिन में शहर के शिवनगर वार्ड स्थित पानी टंकी पर चढ़ गई। वह कह रही था कि उसके प्रेमी को छोड़ा नहीं गया तो टंकी से कूद कर बच्चे के साथ जान दे देगी।
मासूम के साथ किशोरी के पानी टंकी पर चढ़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे काफी समझाया तब जाकर करीब दो घंटे बाद वह मानी और बच्चे के साथ टंकी से उतरी। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को बच्चे के साथ उसके मायके वालों के हवाले कर दिया।
घुघली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी पूजा (काल्पनिक नाम) ने बताया की वह परसा गिदही गांव निवासी राजकुमार के साथ प्रेम करती थी। उसने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर राजकुमार से विवाह भी कर लिया है। मार्च में वह उसके साथ जम्मू चली गई। उधर, उसके माता-पिता ने पूजा के नाबालिग होने की बात कहते हुए उसके प्रेमी राजकुमार के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज करा दिया। इसी बीच दो जुलाई को पूजा ने एक बच्चे को जन्म दिया। उसके बाद पांच जुलाई को वह राजकुमार के साथ महराजगंज लौट आई। यहां पूजा अपने बच्चे के साथ मायके में रहने लगी और राजकुमार अपने गांव परसा गिदही में। इस बीच पुलिस को राजकुमार के बारे में पता चला तो उसने उसे उठा लिया और चालान कर जेल भेज दिया। राजकुमार को जेल भेजे जाने की बात जब पूजा को पता चली तो उसने थाने जाकर उसे छोड़ने की गुहार लगाई। उसका कहना था कि उसने अपनी मर्जी से उससे शादी की है। उसका अपहरण नहीं किया गया था। पूजा का कहना है कि थाने के कई चक्कर लगाने के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई तो हार कर उसने पानी टंकी पर चढ़ने का फैसला किया। ।

अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया की लड़की के नाबालिग होने की खबर उसके परिवारवालों ने दी थी। इसी आधार पर लड़की के प्रेमी का चालान किया गया है। उसके शादीशुदा होने की जांच की जा रही है। दोनों परिवारों से बातचीत कर मामले का समाधान निकाला जाएगा।

Leave a Reply