महराजगंज जिले में नहीं थम रहा वायरल बुखार का कहर, 35 भर्ती

रतन गुप्ता उप संपादक
महराजगंज में बुखार पीड़ितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई कि सभी वार्ड फुल हो गए। 35 गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया। मौसम के बदलते मिजाज से लोग…

जिले में बुखार पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालत यह हो गई है कि करीब हर तीसरे घर में बुखार पीड़ित मिल रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल खुलते ही मरीजों से पट गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर 35 वायरल बुखार पीड़ितों को भर्ती करना पड़ा। इससे अस्पताल के सभी वार्ड फुल हो गए।

करीब 15 दिन से सुबह में कुहासा और दोपहर में तेज धूप के बाद शाम को गर्मी पड़ रही है। दिन में तीन बार बदल रहे मौसम से लोगों का स्वास्थ्य तेजी से प्रभावित हो रहा है। लोग बहुत जल्द वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल खुलते ही मरीजों से पर्ची काउंटर, ओपीडी, दवा काउंटर के अलावा पैथॉलोजी मरीजों से पट गया। अपराह्न दो बजे तक पहुंचे 1095 मरीजों में 532 वायरल फीवर पीड़ित शामिल रहे। प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर 497 मरीजों को घर भेज दिया गया, लेकिन बीमारी से गंभीर 35 मरीजों को भर्ती करना पड़ा। एक साथ तीन दर्जन मरीज भर्ती होने से अस्पताल के सभी वार्ड फुल हो गए।

 

आईसीयू में 26 बेड पर 28 मासूम भर्ती

जिला अस्पताल में 31 बेड का आईसीयू वार्ड संचालित है। 5 बेड वाले कक्ष को इंसेफेलाइटिस मरीजों के लिए सुरक्षित कर दिया गया है। 26 बेड पर 28 मासूमों को भर्ती किया गया है। इसमें 22 मासूम वायरल फीवर से पीड़ित हैं।

मेडिकल व सर्जिकल वार्ड फुल

जिला अस्पताल के 19 बेड वाले मेडिकल वार्ड में भर्ती 19 मरीजों में 14 वायरल फीवर से पीड़ित हैं। सर्जिकल वार्ड 25 बेड मरीजों से भरा पड़ा है। इसमें 10 वायरल फीवर और दस आंख के ऑपरेशन कराएं मरीज भर्ती हैं।

155 मरीजों को पैथॉलोजी जांच की सलाह

डॉक्टरों ने 155 बुखार पीड़ितों को पैथॉलोजी जांच की सलाह दी है। 1:30 बजे तक 145 मरीजों को पैथॉलोजी जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा दिया गया था। अन्य मरीज रिपोर्ट के लिए इंतजार कर रहे थे।

बच्चों को बेहतर रखे ख्याल नहीं तो हो जाएगा बुखार

जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरपी राय ने बताया कि बदले मौसम में विशेषकर बच्चों का देखभाल करना जरूरी है। लापरवाही पर बच्चा बहुत जल्द वायरल फीवर और सर्दी जुकाम की चपेट में आ जाएगा। स्वास्थ्य प्रभावित होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।

वायरल फीवर मरीजों में इजाफा हो गया है। एक दिन में तीन दर्जन मरीज भर्ती होने से सभी वार्ड फुल हो गए हैं। दवा स्टाक करने के साथ ही मरीजों की बेहतर तरीके से देखभाल की सलाह दी गई है।

डॉ. एपी भार्गव, सीएमएस जिला अस्पताल

Leave a Reply