Breaking News

महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप


रतन गुप्ता उप संपादक

महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र के जमुनिया निवासी एक महिला का घर में सोमवार देर रात फंदे से लटका शव मिला था। भिटौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार को मां ने पुलिस को तहरीर देकर दामाद और उसके तीन अन्य साथियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

पुलिस को दी तहरीर में भानमती देवी ने बताया कि अपनी बेटी संतीरा की शादी छह साल पहले गांव के ही सुनील के साथ की थी। कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रही। आरोप है कि कुछ समय बीतने के बाद दामाद संतीरा को दहेज में रुपये, पैसे, गाड़ी एवं अन्य सामग्री के लिए प्रताड़ित करने लगा। कई बार उसने मारपीट कर पुत्री को घर से निकल भी दिया था, जिसको लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई थी।

भानमती देवी ने शिकायत पत्र में यह भी लिखा है कि दामाद बेंगलुरु में रहकर काम करता है, लेकिन हम लोगों को यह जानकारी नहीं थी कि वह आठ जुलाई को घर आ जाएगा। सोमवार को घटना के दिन वह दो बजे तक घर आ गया था और सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी। थानाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि महिला की मां भानमती देवी की ओर से तहरीर मिली है। जांच के बाद सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद

Leave a Reply