*रतन गुप्ता*
महराजगंज में एक किशोरी सहेलियों के साथ लकड़ी चुनने गई थी, तभी छिपा तेंदुआ उसे मार डाला। घटना शुक्रवार शाम की है और शनिवार सुबह उसका शव मिला। तेंदुए ने किशोरी के हाथों को अलग कर दिया। पुलिस और वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है।
महराजगंज के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के शिवपुर रेंज के बकुलहिया जंगल के समीप सहेलियों के साथ लकड़ी चुनने गई एक किशोरी को तेंदुए ने मार डाला। तेंदुआ बेंत की झाड़ियों में पहले से छिपा था। इस बीच किशोरी के साथ की लड़कियां जब आगे चली गईं तो झाड़ी से निकलकर तेंदुए ने किशोरी को अपने चंगुल में ले लिया और उसे मार डाला। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। घटना शुक्रवार को देर शाम की बताई जा रही है, जबकि शनिवार की सुबह झाड़ियों के बीच में किशोरी का शव ग्रामीणों ने पाया है। मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीम जांच कर रही है। सोहगीबरवा गांव के बाबू टोला निवासी उमेश चौधरी की बेटी गुड्डी (15) अपनी सहेलियों के साथ जंगल के समीप गन्ने के खेत में लकड़ी चुनने गई थी। लकड़ी का बोझ बांधकर सभी का बोझ उसने उठवाकर सिर पर रखवा दिया। वह अंतिम में अपनी लकड़ी सिर पर रखने जा रही थी। इस बीच झाड़ियों में छिपा तेंदुआ बाहर निकला और उसे चंगुल में लेकर झाड़ियों की तरफ चला गया। उसके साथ की सहेलियों ने जब पीछे देखा तो वह नहीं दिखाई दी। इसके बाद उसकी सहेलियों ने शोर मचाया तब मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किशोरी को ढूंढना शुरू किया। तब तक अंधेरा हो गया था और अंधेरे में झाड़ियों में कुछ दिखाई नहीं दिया।
