नौतनवा के भाजपा नेता ने सीडीओ का किया घेराव, नहीं सुधरी आपूर्ति तो अनशन

 

रतन गुप्ता ,नौतनवा

नौतनवा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गैस आपूर्ति बाधित होने पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सीडीओ महेंद्र सिंह से गैस समस्या का तत्काल समाधान की मांग की। भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने चेतावनी दी कि अगर तीन दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो अनशन शुरू होगा।

भाजपा नेता ने सीडीओ का किया घेराव, नहीं सुधरी आपूर्ति तो अनशन 

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तहसील परिसर में गैस आपूर्ति बाधित होने से आक्रोशित होकर प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान आयोजित तहसील दिवस में पहुंचे सीडीओ महेंद्र सिंह का भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घेराव कर गैस की समस्या का तत्काल समाधान की मांग की। जिलाधिकारी को संबोधित पत्र सीडीओ को सौंप कर भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि गैस एजेंसी की मनमानी से बढ़ी समस्या का समाधान अधिकारी करने के बजाय चुप्पी साध कर बैठे हुए हैं। चेतावनी दी कि तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान करते हुए उपभोक्ताओं तक गैस उपलब्ध नहीं कराई गई तो गुरुवार से कस्बे के भगत सिंह चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व व्यापारियों की मौजूदगी में अनशन का शुभारंभ किया जाएगा।

जितेंद्र जायसवाल का आरोप है कि यदि गैस एजेंसी के विरुद्ध किसी भी तरह की जांच कार्रवाई चल रही है, जुर्माना लगाया गया है या फिर गैस एजेंसी को सीज किया गया है? यह अलग बात है लेकिन इस कार्रवाई का खामियाजा उपभोक्ताओं को क्यों भुगतना पड़ रहा है? इसका समाधान स्थानीय व जिला प्रशासन को करना चाहिए। धरना प्रदर्शन में अशोक श्रीवास्तव राजन वर्मा, चेतन चौहान, अनुराग जायसवाल, गिरजा शंकर, उमाशंकर पांडेय, सुनील गुप्ता, कौशल सिंह, मुन्ना जायसवाल, रामचंद्र यादव, अभिमन्यु शर्मा, दीनानाथ गुप्ता, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply