Breaking News

भारत नेपाल सीमावती क्षेत्र सोनौली पहुंचे डीएम-एसपी, सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी

 

*रतन गुप्ता सोनौली*

महराजगंज में डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को सोनौली सीमा का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सुरक्षा बलों को निर्देश दिए गए। व्यापारियों ने इंडिया गेट के पास अधिकारियों का स्वागत किया। जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के निर्माण को लेकर भी चर्चा की।

डीएम गौरव सिंह सोगरवाल व एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को सोनौली सीमा का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी। सुरक्षा बलों की ड्यूटी प्रणाली देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी करने का निर्देश दिया। दोनों अधिकारियों ने आईसीपी परिसर सहित सीमावर्ती क्षेत्रों का भ्रमण कर संबंधित एजेंसियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिया। सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन प्रबंधन, चेकिंग प्रणाली, दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया एवं कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की। साथ ही सीमा पार आने-जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी व्यवस्था को परखा। एसएसबी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें नियमित एवं प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी अवांछनीय गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए लगातार सक्रिय रहने को कहा। इस मौके पर एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, कस्टम अधीक्षक सुधीर कुमार, सहायक सेनानायक सेफवान एन., कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

इंडिया गेट के पास व्यापारियों ने किया स्वागत

इस मौके पर इंडिया गेट के पास व्यापारियों ने दोनों अधिकारियों का स्वागत किया। नेपाल कस्टम द्वारा 100 रुपये पर भंसार को लेकर उत्पन्न समस्या बताई और कहा इसके लगने से सीमा एरिया का बाजार प्रभावित हुआ है।

जल्द पूर्ण होगा चेक पोस्ट

जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पहुंचकर वहां अधिकारियों से इसके जल्द निर्माण को लेकर बातचीत की। चेक पोस्ट निर्माण कर रहे अधिकारियों ने कहा कि चेक पोस्ट के फर्स्ट और सेकंड फेज के काम के बाद इस इस महीने कभी भी थर्ड फेज का काम शुरू होगा। नवंबर में चेकपोस्ट बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं नेपाल के बेलहिया में 88 एकड़ में बन रहा चेक पोस्ट 60फीसदी पूरा हो गया है। सोनौली में बन रहे चेक पोस्ट का एरिया 129 एकड़ और 447 करोड़ का बजट है। थर्ड फेज में नेपाल-भारत चेक पोस्ट की रोड कनेक्टिविटी और दो पुलों का निर्माण, 200 ट्रकों की पार्किंग, एसएसबी क्वार्टर, कस्टम, एसएसबी, इमीग्रेशन, प्लांट कोरेन्टाइन, लैंड पोर्ट के कार्यालय, एक डिस्पेंसरी, 4 वाच टावर, फायर स्टेशन, बेयर हाउस एक्सपोर्ट का निर्माण होना है।