बस्ती। आज के समय में बढ़ता हुआ वजन कई लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। गलत खान-पान, अनियमित दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। इस विषय पर योगाचार्य डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि यदि सही डाइट प्लान और नियमित योग को अपनाया जाए तो वजन को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि वजन कम करने के लिए सबसे पहले सुबह की शुरुआत स्वस्थ आदतों से करनी चाहिए। सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुने पानी में नींबू और शहद मिलाकर पीने से शरीर की सफाई होती है और मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। इसके बाद नाश्ते में फल, ओटमील या ब्राउन ब्रेड के साथ अंडे का सफेद भाग लेना लाभदायक रहता है।
दोपहर के भोजन में सलाद, दाल, ब्राउन राइस तथा हल्का प्रोटीन युक्त भोजन जैसे ग्रिल्ड चिकन या मछली शामिल करना चाहिए। साथ ही अधिक से अधिक हरी सब्जियों का सेवन करना चाहिए और तले-भुने भोजन से बचना चाहिए।
शाम के समय ग्रीन टी या हर्बल टी पीना शरीर के लिए लाभकारी माना जाता है। इसके साथ एक फल या थोड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट्स लिए जा सकते हैं। रात के भोजन को हल्का और संतुलित रखना चाहिए, जिसमें प्रोटीन, अच्छे कार्बोहाइड्रेट और सब्जियां शामिल हों। कोशिश करनी चाहिए कि रात 8 बजे के बाद भोजन न किया जाए।
योगाचार्य डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि वजन कम करने के लिए केवल डाइट ही नहीं बल्कि नियमित योग, प्राणायाम और व्यायाम भी बहुत आवश्यक है। साथ ही चीनी और तले हुए खाद्य पदार्थों का सेवन कम करना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और भोजन की मात्रा को नियंत्रित रखना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की शारीरिक जरूरतें अलग-अलग होती हैं, इसलिए किसी भी डाइट प्लान को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर होता है।
— योगाचार्य डॉ. नवीन सिंह
निदेशक, संकल्प योग वैलनेस सेंटर, बस्ती ।
