*रतन गुप्ता सोनौली*——
इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के सोनौली-बेलहिया मुख्य बॉर्डर पर नेपाली पुलिस के जवान भारतीय सीमा में प्रवेश कर एक आरोपी युवक को सरेआम सड़क पर घसीटते हुए नेपाल की ओर ले गए।
भारत में घुसी नेपाल पुलिस, युवक को सड़क पर घसीटते हुए ले गई, वीडियो वायरल
यूपी के इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के सोनौली-बेलहिया मुख्य बॉर्डर पर नेपाली पुलिस के जवान भारतीय सीमा में प्रवेश कर एक आरोपी युवक को सरेआम सड़क पर घसीटते हुए नेपाल की ओर ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक नेपाल पुलिस की हिरासत से बचकर भारतीय सीमा में भाग आया था। इसी दौरान दो नेपाली पुलिसकर्मी उसका पीछा करते हुए भारतीय सीमा में घुस गए और उसे पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए वापस नेपाल ले जाने लगे। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कुछ ही दूरी पर भारतीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को खड़ा कराया। इसके बावजूद नेपाली प्रहरी युवक को अपने साथ ले जाने में सफल रहे। इस पूरे घटनाक्रम ने अधिकार क्षेत्र को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नेपाली पुलिस के इस रवैये को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और इसे मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के नियमों के तहत किसी भी देश की पुलिस को दूसरे देश की सीमा में इस तरह प्रवेश कर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं होता। जब तक कि दोनों देशों के बीच समन्वय और कानूनी प्रक्रिया का पालन न किया जाए। सोनौली कोतवाल महेन्द्र मिश्रा का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। नेपाल के बेलहिया थाने का कोई आरोपी भाग कर सोनौली मे घुस आया था, जिसके पीछे नेपाल पुलिस भी आ गई थी। मामले की जांच की जा रही है
