*रतन गुप्ता सोनौली*
सोनौल बार्डर के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बुधवार देर रात एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। पुलिस ने सीमा पार अंग्रेजी शराब और सिगरेट की खेप नेपाल ले जाने की कोशिश कर रहे एक वृद्ध तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में शराब एवं सिगरेट बरामद की है।
क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में सघन निगरानी और गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार की रात कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा तथा चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्राम फरेंदी तिवारी तिलहवा रोड स्थित बाउंड्री वॉल के पास पगडंडी मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
गश्त के दौरान पुलिस टीम की नजर नेपाल की ओर बढ़ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से छह बोतल अंग्रेजी शराब तथा दो ट्रॉली बैग में छिपाकर रखे गए 38 पैकेट सिगरेट बरामद हुए, जिन्हें अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपनी पहचान यशपाल गावा (72 वर्ष) पुत्र हाकम राय गावा, निवासी गणेश नगर, तिलक नगर, नई दिल्ली के रूप में बताई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी रात के अंधेरे और सीमा क्षेत्र के कच्चे रास्तों का फायदा उठाकर तस्करी को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस ने बरामद शराब और सिगरेट को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
