Breaking News

नौतनवा में यूरिया तस्करी पर बड़ा सवाल: पुलिस ने रोकीं दो बाइक, कार्रवाई सिर्फ एक पर! आखिर दूसरी बाइक और खाद कहां गई*

*रतन गुप्ता नौतनवा*
नौतनवा में यूरिया तस्करी पर बड़ा सवाल: पुलिस ने रोकीं दो बाइक, कार्रवाई सिर्फ एक पर! आखिर दूसरी बाइक और खाद कहां गई?

नौतनवा, भारत-नेपाल सीमा से जुड़े नौतनवा कस्बे में भारतीय यूरिया खाद की कथित तस्करी को लेकर नया विवाद सामने आया है। आरोप है कि शनिवार को नौतनवा पुलिस ने गांधी चौक के पास भारतीय यूरिया खाद लदी दो मोटरसाइकिलों को रोका और चालकों से पूछताछ की, लेकिन बाद में आधिकारिक कार्रवाई केवल एक मोटरसाइकिल और उस पर लदे खाद पर ही की गई।

स्थानीय लोगों का दावा है कि मौके का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें एक पुलिसकर्मी दो मोटरसाइकिलों को रोककर पूछताछ करते हुए दिखाई दे रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि दो मोटरसाइकिलें पकड़ी गई थीं, तो दूसरी मोटरसाइकिल और उस पर लदा यूरिया खाद आखिर कहां गया?

सूत्रों का कहना है कि नौतनवा कस्बे से सुबह से शाम तक पगडंडियों के रास्ते भारतीय यूरिया खाद नेपाल पहुंचाया जाता है। सीमा क्षेत्र में लंबे समय से खाद तस्करी की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इस मामले ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब चर्चा इस बात की है कि क्या पुलिस ने सिर्फ औपचारिकता निभाने के लिए एक मोटरसाइकिल और खाद पर कार्रवाई की, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल को छोड़ दिया गया? यदि ऐसा नहीं है, तो पुलिस को स्पष्ट करना चाहिए कि वीडियो में दिख रही दूसरी बाइक का क्या हुआ।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। यदि वीडियो और लगाए जा रहे आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला पुलिस की कार्यप्रणाली और सीमा पर खाद तस्करी रोकने के प्रयासों पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।

Leave a Reply