Breaking News

नेपाल बॉर्डर से बड़ी खबर: क्या आर्थिक बर्बादी की राह पर नेपाल? भारतीय पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार पर व्यापारियों ने जताई चिंता

 

*रतन गुप्ता सोनौली*
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर से नेपाल की आर्थिक स्थिति और पर्यटन व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि वर्तमान परिस्थितियां नहीं बदलीं तो नेपाल की अर्थव्यवस्था पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।

इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबारी रजत जायसवाल ने कहा कि नेपाल सरकार के कुछ फैसलों ने व्यापार और पर्यटन दोनों क्षेत्रों को प्रभावित किया है। उनका कहना है कि पहले गिट्टी-बालू व्यवसाय पर प्रतिबंध लगाया गया, जिससे आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा। अब यदि भारतीय पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें लगातार सामने आती रहीं तो पर्यटन उद्योग भी प्रभावित होगा, जो नेपाल की आय का प्रमुख स्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो नेपाल आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है।

भाजपा नेता एवं सोनौली के मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल ने कहा कि भारतीय पर्यटकों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं नेपाल के लिए चिंताजनक संकेत हैं। उनके अनुसार, यदि पर्यटक स्वयं को असुरक्षित या असहज महसूस करेंगे तो इसका सीधा असर नेपाल के पर्यटन कारोबार और अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

वहीं, सोनौली व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि एक ओर नेपाल भारतीय पर्यटकों को “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ आने का संदेश देता है, जबकि दूसरी ओर पर्यटकों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं उस संदेश के विपरीत दिखाई देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते रोक लगनी चाहिए, ताकि दोनों देशों के बीच पर्यटन और व्यापारिक संबंध मजबूत बने रहें।

सीमावर्ती व्यापारियों का मानना है कि भारत से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु नेपाल पहुंचते हैं। ऐसे में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना नेपाल के पर्यटन और आर्थिक हित में आवश्यक है। यदि शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो इसका असर सीमा पार व्यापार और पर्यटन दोनों पर पड़ सकता है।

Leave a Reply