*रतन गुप्ता सोनौली*
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी की 22वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत तस्करी कर लाए जा रहे 330 किलोग्राम विदेशी (चाइनीज) अखरोट बरामद कर जब्त कर लिया। बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय नौतनवा के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी की 22वीं वाहिनी के उपनिरीक्षक सिकंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 517/1 से करीब 50 मीटर भारतीय सीमा के भीतर कुछ अज्ञात महिलाएं सिर पर बोरी रखकर संदिग्ध सामान एक स्थान पर एकत्र कर रही हैं। सूचना मिलते ही समवाय कमांडर के निर्देश पर विशेष नाका पार्टी गठित कर मौके पर भेजी गई।
एसएसबी टीम को देखते ही तस्कर महिलाएं बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर सामान छोड़ नेपाल की ओर भाग निकलीं। तलाशी के दौरान मौके से 33 बोरियों में कुल 330 किलोग्राम चाइनीज अखरोट बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 10 किलोग्राम अखरोट भरा हुआ था।
एसएसबी ने मौके पर बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी दावेदार सामने नहीं आया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए जब्त विदेशी अखरोट को आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) कार्यालय, नौतनवा के सुपुर्द कर दिया गया।
सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए एसएसबी द्वारा लगातार गश्त और विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में तस्करी के खिलाफ यह एक और बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
