Breaking News

भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: नेपाल तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 175 रेडीमेड कपड़े बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

*रतन गुप्ता सोनौली*

सोनौली / भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नो-मैन्स लैंड के पास कार्रवाई करते हुए नेपाल ले जाए जा रहे बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्तिमोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार शाम करीब 7 बजे ग्राम शेख फरेन्दा नो-मैन्स लैंड के पास एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 140 सूट, 15 साड़ियां और 20 लेडीज कुर्तियां समेत कुल 175 रेडीमेड परिधान बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन कपड़ों को अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनूप जायसवाल (28 वर्ष) पुत्र जोखन जायसवाल, निवासी ग्राम महुअवा, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार और कांस्टेबल शिवाकांत सिंह शामिल रहे। सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply