*रतन गुप्ता सोनौली*
सोनौली/ भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार सुबह पगडंडी मार्ग से नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक विदेशी नागरिक को रोक लिया। युवक के पास पासपोर्ट या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिलने पर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान उसके बयान बदलने की बात भी सामने आई है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर पुलिस चौकी अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास एक विदेशी नागरिक भारत से नेपाल की ओर पगडंडी मार्ग से जाने का प्रयास कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और कंपनी मुख्यालय ले जाकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने अपना नाम सैम ब्राउन (32 वर्ष) निवासी कैलिफोर्निया, अमेरिका बताया। उसने दावा किया कि वह अब तक लगभग 70 देशों की यात्रा कर चुका है। भारत आने से पहले वह मई माह में बाली गया था। उसने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने तथा अमेरिकी नौसेना एवं स्पेशल फोर्सेज में लगभग छह वर्ष तक सेवा देने का भी दावा किया। युवक ने यह भी बताया कि दो वर्ष पहले उसने नौसेना की नौकरी छोड़ दी थी।
पूछताछ में उसने बताया कि 8 जुलाई को वह बेंगलुरु से बस द्वारा लखनऊ, फिर दूसरी बस से गोरखपुर पहुंचा। इसके बाद टैक्सी से सोनौली बॉर्डर रोड तक आया और वहां से पगडंडी मार्ग के जरिए नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, युवक के पास पासपोर्ट अथवा नागरिकता संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला है। उसके यात्रा विवरण और पहचान के संबंध में गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी
