Breaking News

कांग्रेसी नेता के बेटे ने खुद को गोली मरवाया

हैदराबाद पुलिस ने गुरुवार को युवक कांग्रेस के नेता एम. विक्रम गौड़ को गिरफ्तार किया। अपोलो अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने गौड़ को अपने कब्जे में ले लिया। 28 जुलाई से उसका इलाज चल रहा था। वह अस्पताल से बाहर एक व्हीलचेयर पर निकला जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायाधीश के सामने पेश करने के लिए नामपल्ली आपराधिक न्यायालय परिसर ले जाया गया।
विक्रम आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता एम. मुकेश गौड़ का बेटा है।
 
हैदराबाद पुलिस आयुक्त एम. महेंद्र रेड्डी ने बुधवार को कहा था कि विक्रम पुलिस की निगरानी में है और अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।  विक्रम 28 जुलाई को बंजारा हिल्स में अपने घर पर गोलीबारी में घायल हुआ था। उसने पुलिस से कहा था कि दो हमलावर मोटरसाइकिल से आए और उस पर गोलियां चलाकर भाग गए। हालांकि पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला कि यह हमला पहले से सुनियोजित था।
 
वह इस हमले का उपयोग कुछ व्यापारियों से लिए हुए कर्जो को वापस नहीं लौटाने के लिए भी करना चाहता था। 35 वर्षीय गौड़ पर अपराध के लिए उकसाने, आपराधिक साजिश, साक्ष्यों को नष्ट करने, पुलिस को गलत सूचना देने और गैरकानून हथियारबंद लोगों को पैसों का लालच देकर खरीदने और उनका उपयोग करने के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
 
पुलिस ने पांच लोगों की गिरफ्तारी के साथ मामले को सुलझाने का दावा किया है। दो आरोपी अब भी फरार हैं।  विक्रम ने एक गिरोह को उसे गोली मारने के लिए 50 लाख रुपये दिए, ताकि वह एक विधानसभा क्षेत्र में लोगों की सहानुभूति पा सके। इस विधानसभा क्षेत्र से उसका 2019 का चुनाव लड़ने का इरादा है। विक्रम ने कुछ तेलुगू फिल्मों को भी प्रोड्यूस किया है।

Leave a Reply