फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार यूपी में स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेसडर होंगे

लखनऊ फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार यूपी में स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेसडर होंगे। वहीं स्वच्छता अभियान को प्रेरित करने वाली उनकी फिल्म ‘टायलेट एक प्रेम कथा’ प्रदेश में टैक्स फ्री भी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने यह घोषणा की। वह शुक्रवार को लखनऊ के मिलेनियम स्कूल में ‘हिन्दुस्तान के यूपी में स्वच्छता का शंखनाद मिशन’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में अक्षय कुमार के साथ अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा फिल्मों का उद्देश्य या सरकार की नीतियां लोगों और समाज को ध्यान में रख कर बनाई जानी चाहिए। फिल्में और नीतियां किसी व्यक्ति, परिवार या वर्ग विशेष के लिए नहीं बल्कि सर्वसमाज के लिए बनें। यही लोकतंत्र की सार्थकता है। फिल्में ऐसी हों कि समाज की संवेदनाओं को नया टच-नई दिशा दे सकें। उनका मकसद केवल मनोरंजन न हो। पहले ऐसी बहुत सी फिल्में बनीं जिन्होंने सामाजिक प्रेरणा में अहम भूमिका अदा की। अक्षय कुमार की फिल्म और उनके प्रयास की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहले अभिनेता हैं जिन्होंने समाज की इस समस्या को फिल्म के माध्यम से उठाया है। नई दिशा देने का प्रयास किया। इससे समाज की सोच में बदलाव आएगा। मुख्यमंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि लोगों के पास पैसा है लेकिन टायलेट उपयोग को लेकर मानसिकता नहीं है। गांवों में लोग सरकारी मदद से बने टायलेट में गोबर के कंडे और लकड़ी रख देते हैं।

सीएम ने कहा कि लोगों को अपमानित कर स्वच्छता के लिए जागरूक करना बहुत उचित नहीं होगा। यह स्वतंत्रता के हनन का मामला बन सकता है। उन्होंने कहा कि देश में वैसे भी बहुत से लोग कानून के दायरे में स्वतंत्रता नहीं बल्कि स्वछंदता चाहते हैं। खुले में शौच पर कटाक्ष करते हुए उनका कहना था कि लोग इसे अपनी आजादी मानते हैं। इसलिए सामाजिक चेतना का जागरण होना जरूरी है। समाज में कितनी रुढ़िवादिता हावी है। अभी कुछ दिनों से चोटी कटवा के प्रकरण सुनने में आ रहे हैं। आगरा में एक बुढ़िया की हत्या तक कर दी गई। सोचना होगा, कितने अंधकार व अंधविश्वास में जी रहे हैं हम? टायलेट बनाएंगे बीमार हो जाएंगे, ऐसे भ्रम फैलाए जा रहे हैं।

स्वच्छता न होने के चलते इन्सेफलाइटिस से पूर्वांचल में हर साल सैकड़ों बच्चों की असमय मौत हो जाती है। आजादी के इतने सालों बाद भी हम खुले में शौच के खिलाफ अभियान नहीं चला पाए। इसे खत्म नहीं कर पाए। बच्चों की यह असमय मौत सामाजिक-राष्ट्रीय क्षति है। स्वच्छता का अभियान केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि इससे स्वस्थ और समृद्ध भारत बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हिन्दुस्तान समूह’ अक्षय कुमार को स्वच्छ भारत अभियान को शुरू करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं। इस विषय को लेकर फिल्म भी बनाई।

उत्तर प्रदेश में इस फिल्म को सभी जगह देखा जाए। इसे टैक्स फ्री करेंगे। फिल्म का विषय ऐसा है जो सामाजिक चेतना को स्पंदन देगा। लोगों के अंदर जागरूकता दे सके। ऐसी फिल्में बननी चाहिए जो लोगों को प्रेरणा दे सकें। रुढ़िवाद, अंधविश्वास और पाखंड से लड़ने के लिए प्रेरणा बन सके। समाज की बुराइयों को दूर करने, लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का काम फिल्में बहुत सफलता से कर सकती हैं। सीएम ने कहा कि ‘हिन्दुस्तान’ के इस कार्यक्रम को गांव-कस्बों तक ले जाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से गंगा की निर्मलता के लिए किनारे बसे 25 जिलों के 1627 गांवों को ओडीएफ (खुले में शौच से मुक्त) कर दिया है। 31 दिसम्बर तक 30 जिलों को ओडीएफ घोषित कर देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से दो अक्टूबर 2018 तक प्रदेश को खुले में शौच से मुक्त कर दिया जाएगा। 22 करोड़ आबादी को इस अभियान से जोड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हिन्दुस्तान समाचार पत्र समूह’ के साथ अक्षय कुमार जैसे कलाकार इस अभियान से जुड़ रहे हैं तो इस लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply