Breaking News

वेंकैय्या नायडू देश के उपराष्ट्रपति चुने गए

वेंकैय्या नायडू देश के अगले उपराष्ट्रपति चुन लिए गए हैं। वेकैंय्या नायडू को कुल 516 वोट मिले। जबकि विपक्ष के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी को 244 मत मिले। इस तरह कुल 760 मत पड़े। इससे पहले देश के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान में लगभग 100 प्रतिशत के करीब मतदान दर्ज किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों, और विपक्षी नेताओं ने मतदान किया, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी शामिल थे। वोटों की गिनती शनिवार शाम को शाम को ही हो गयी। उपराष्ट्रपति पद के लिए सत्तारूढ़ राजग के उम्मीदवार एम. वेंकैया नायडू का विपक्ष के उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी से सीधा मुकाबला था।

लोकसभा में राजग के स्पष्ट बहुमत को देखते हुए नायडू की उम्मीदवारी काफी मजबूत थी। साथ ही उन्हें दक्षिण की कुछ राजनीतिक पार्टियों का भी समर्थन प्राप्त था। नायडू मतदान में हिस्सा लेने के लिए सुबह 9.30 बजे घर से निकले और करीब 10.0 बजे उन्होंने मतदान किया। नायडू के साथ संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार और भाजपा के अन्य नेता भी थे।

उनके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता एल. के. आडवाणी, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और अन्य भाजपा नेताओं ने मतदान किया।

केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवर लाल जाट और छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य भूषण लाल जांगड़े मतदान न करने वाले 14 सदस्यों में शामिल थे। जाट अस्वस्थ हैं और एम्स में उनका इलाज चल रहा है। मतदान स्थल पर पहुंचने वालों में विपक्षी उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और अन्य नेताओं के साथ शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। गोपालकृष्ण कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, लोकसभा में कांग्रेस के संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पहुंचे।

राज्यसभा की मनोनीत सदस्य प्रख्यात अभिनेत्री रेखा और महान क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने भी मतदान में हिस्सा लिया। रेखा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव का अभिवादन करती नजर आईं।

Leave a Reply