यूपी में जीतेंगे लोकसभा की सभी 80 सीटें : डा. महेन्द्रनाथ पाण्डेय

वाराणसी
प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डा. महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा है कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का जनता को लाभ दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को लगाएंगे। पुराने एवं नए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित होगा। बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को सक्रिय और सजग बनायेंगे। इनके बूते संगठन को मजबूत बनाएंगे और उसी की बदौलत लोकसभा के अगले चुनाव में यूपी की सभी 80 सीटें जीतेंगे। बातचीत में डा. महेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन वट वृक्ष बन चुका है। उसकी जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि उन्हें हिलाना किसी भी राजनीतिक दल के बूते की बात नहीं। वर्ष 2014 में शुरू हुआ जीत का यह सफर विधानसभा चुनाव से होते हुए अलगे लोकसभा में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे प्रदेश में केन्द्र व राज्य सरकार की जनहित-कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का अभियान शुरू करेंगे। अभियान में पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। वे लोगों बताएंगे कि केन्द्र व राज्य सरकार आम जनता के हित में क्या-क्या कदम उठाएं हैं। तय करेंगे सबकी जिम्मेदारी- एक सवाल के जवाब में डा. पाण्डेय ने कहा कि पार्टी में सबकी जवाबदेही पहले से रही है। कार्यकर्ता छोटा हो या बड़ा। यह अनुशासित पार्टी है। सभी एकजुट होकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी वह संगठन का काम देखते रहे हैं। पुराने अनुभवों का लाभ संगठन को और मजबूत बनाने में मिलेगा। आने वाले दिनों में सभी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Leave a Reply