Breaking News

रायबरेली कांग्रेस ने फिर मांगी गांधी परिवार की नुमाइंदगी


रतन गुप्ता उप संपादक

सांसद सोनिया गांधी के राज्यसभा में जाने के बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की दावेदारी को लेकर संशय बरकरार है। वहीं, कांग्रेसियों की पुकार है कि गांधी परिवार का ही कोई सदस्य रायबरेली का खेवनहार बने। यही वजह है कि कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाकर न सिर्फ उत्तर प्रदेश के प्रभारी अवनीश पांडेय से मिला, बल्कि उनसे गांधी परिवार के किसी न किसी सदस्य के चुनाव लड़ाने की मांग रखी। कांग्रेसियों ने यहां तक कह दिया कि प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी तो और अच्छा रहेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल चार मार्च को दिल्ली पहुंचा और छह को अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें मांगपत्र सौंपा। इसमें गांधी परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ाने की मांंग की गई। राष्ट्रीय महासचिव ने कांग्रेसियों को भरोसा दिलाया कि उनकी बात आलाकमान और प्रियंका गांधी तक पहुंचाई जाएगी। इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।

शुक्रवार को दिल्ली से लौटे कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि अपनी बात राष्ट्रीय महासचिव तक पहुंचा दी है। उम्मीद है कि गांधी परिवार से ही कोई न कोई सदस्य यहां से चुनाव लड़ेगा।

गांधी परिवार का सदस्य ही रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़े। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय से दिल्ली में जाकर प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की है और उनसे भी मांग की है।
-विनय द्विवेदी, जिला प्रवक्ता, कांग्रेस

Leave a Reply