Breaking News

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर योग के प्रति जागरूकता का संदेश योगाचार्य डॉ. नवीन योगी ने स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का किया आह्वान

बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष (पूर्वी जोन) एवं संकल्प योग वेलनेस सेंटर, बस्ती के निदेशक योगाचार्य डॉ. नवीन योगी ने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अनियमित दिनचर्या और बढ़ती बीमारियों के बीच योग ही ऐसा माध्यम है, जो व्यक्ति को निरोग, ऊर्जावान और मानसिक रूप से संतुलित बनाए रखता है। नियमित योग अभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मन शांत होता है तथा जीवन में सकारात्मकता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
योगाचार्य डॉ. नवीन योगी ने कहा कि “योग करें – रोगों से दूर रहें” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ भारत और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने लोगों से 21 जून को योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रमों में भाग लेने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि योग व्यक्ति को आत्मिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन अपनाने का संदेश दिया।

Leave a Reply