Breaking News

सोनौली कोतवाली के पास प्राथमिक विद्यालय कुनसेरवा में चोरों का धावा, जंगला तोड़कर सरकारी सामान चोरी

*रतन गुप्ता सोनौली*–

*बच्चों की पुस्तकें, खेल सामग्री व निर्माण सामग्री पर चोरों ने किया हाथ साफ, जांच में जुटी पुलिस*

 

सोनौली थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कुनसेरवा में बीती रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय का जंगला तोड़कर सरकारी संपत्ति चोरी कर ली। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह विद्यालय खुलने पर हुई, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने सोनौली थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानाध्यापिका प्रतिमा त्रिपाठी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, चोर विद्यालय के पीछे लगे जंगले की चौखट तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखी लोहे की पुरानी छड़ें, एंगल, सिल, लकड़ी का पल्ला, निर्माण कार्य के लिए लाई गई सामग्री, बच्चों के खेलने का सामान, पुराने फाइलों व रजिस्टरों के बंडल, बच्चों के अध्ययन हेतु रखी पुस्तकें तथा थाली-गिलास सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।

 

सुबह विद्यालय का ताला खोलने पर जंगले की टूटी चौखट और बिखरा हुआ सामान देखकर चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई और उनके निर्देश पर सोनौली थाने में लिखित तहरीर देकर मामले की जानकारी दी गई। विद्यालय प्रशासन ने चोरी गई सरकारी संपत्ति बरामद करने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply