Breaking News

बिजलीयुक्त कंटीले तार की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में छाया मातम

 

सोनौली/महराजगंज।
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के जगर्नाथपुर टोला, भारिया गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान प्रकाश साहनी (पुत्र विक्रम साहनी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रकाश सुबह अपने खेत में पानी लगाने गया था। इसी दौरान वह खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली प्रवाहित कंटीले तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रकाश ने करीब पांच एकड़ भूमि में मछली पालन और खेती की व्यवस्था कर रखी थी। मछलियों की सुरक्षा के उद्देश्य से खेत की घेराबंदी कंटीले तारों से की गई थी, जिनमें बिजली का करंट छोड़ा गया था। प्रारंभिक आशंका है कि किसी कारणवश वह स्वयं उसी तार के संपर्क में आ गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रकाश साहनी की असामयिक मौत से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि वह मेहनती, मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक था। उसकी अचानक हुई मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने लोगों से बिजलीयुक्त तारों के प्रयोग में अत्यधिक सावधानी बरतने और ऐसे मामलों में सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply