
*रतन गुप्ता सोनौली*
नेपाल पुलिस प्रमुख दान बहादुर कार्की की अगुवाई में हजारों लोगों ने लिया सामाजिक परिवर्तन का संकल्प
लुम्बिनी ,/नशा, आत्महत्या, सड़क दुर्घटनाओं और बाल-विवाह जैसी सामाजिक विकृतियों के विरुद्ध लुम्बिनी में विशाल जनचेतनामूलक कार्यक्रम एवं शान्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। नेपाल पुलिस द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान में नेपाल पुलिस महानिरीक्षक दान बहादुर कार्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्व शान्ति दीप क्षेत्र के समीप स्थित लिटिल बुद्ध परिसर से शान्ति पदयात्रा के साथ हुई। पदयात्रा में नेपाल और भारत के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा विभिन्न क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया। बौद्ध अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केन्द्र में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान राष्ट्रीय गान, ‘कैंडल ऑफ कम्पैशन’ प्रज्ज्वलन तथा नेपाल प्रहरी के केन्द्रीय संगीत विद्यालय द्वारा आकर्षक बैंड का प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं, एसिड अटैक तथा नशा दुर्व्यसन से प्रभावित व्यक्तियों के अनुभवों ने उपस्थित लोगों को भावुक और जागरूक दोनों किया।
कलाकारों द्वारा नशा, आत्महत्या, सड़क दुर्घटना तथा बाल-विवाह जैसे संवेदनशील विषयों पर प्रस्तुत नाटकों ने समाज को सकारात्मक संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है।
नेपाल पुलिस प्रमुख दान बहादुर कार्की ने अपने सम्बोधन में सामाजिक जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य, युवाओं की सुरक्षा तथा सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी से समाज सुधार के इस अभियान को जन- आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सम्मान वितरण, सामूहिक फोटो सत्र तथा हाई-टी के साथ हुआ।
