*रतन गुप्ता सोनौली*
भारत-नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी रोकने के अभियान के तहत एसएसबी की 66वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बोरी यूरिया और एक मोटरसाइकिल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी नेपाल भागने में सफल रहा। बरामद यूरिया, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार तस्कर को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हरदी डाली गांव के पगडंडी मार्गों से खाद की तस्करी की सूचना मिलने पर एसएसबी 66वीं वाहिनी के जवानों ने विशेष निगरानी अभियान चलाया। सहायक कमांडेंट आदित्य जायसवाल के निर्देशन में जवानों ने विभिन्न पगडंडी रास्तों पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन बोरी यूरिया लादकर जा रहे दो तस्करों को जवानों ने रोक लिया। कागजात मांगने पर वे यूरिया से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर मौके से नेपाल की ओर भाग निकला, जबकि दूसरे को एसएसबी ने दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने अपनी पहचान जितेंद्र गुप्ता, निवासी हरदी डाली के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह भारत से अवैध रूप से यूरिया खाद नेपाल ले जा रहा था।
एसएसबी ने बरामद तीन बोरी यूरिया, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार तस्कर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, नौतनवा के सुपुर्द कर दिया है। वहीं फरार तस्कर की तलाश की जा रही है।
भारत-नेपाल सीमा पर खाद सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी द्वारा लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है।
