उत्तर प्रदेश में देहात से शहरों तक जगह-जगह 24 घंटों में 32 महिलाओं-बच्चियों की चोटियां काटी गई

नोएडा दिल्ली-एनसीआर में कई दिनों से चल रही चोटी कटने की ताबड़तोड़ वारदातों से सब हलकान हैं। फरीदाबाद, पलवल, हथीन, गुड़गांव, फिरोजपुरझिरका और ग्रेटर नोएडा से पिछले 24 घंटों में कई महिलाओं व लड़कियों की चोटी काटे जाने की सूचनाएं हैं। किसी भी मामले में पीड़ितों की ओर से चोटी काटने वाले को नहीं देख पाने से पुलिस भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है। दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटों में 32 महिलाओं-बच्चियों की चोटियां काटी गई हैं।

ऐसे में दिल्ली पुलिस और एनसीआर के विभिन्न शहरों की पुलिस अब अपनी जांच दो पहलुओं पर केंद्रित कर दी है। पहला, या तो महिलाएं खुद अपनी चोटी काट रही हैं या फिर उन्हीं के घर का कोई सदस्य यह शरारत कर रहा है। हालांकि पुलिस के अपने तेजतर्रार अफसर इन गुत्थियों को सुलझाने में लगा रखे हैं, लेकिन नतीजा फिलहाल शून्य ही है।

पुलिस के मुताबिक दिल्ली के कांगनहेड़ी, रनहौला, नजफगढ़, कापसहेड़ा, रोहिणी और जाफरपुर कलां के गांव उजवा, पालम के साधनगर, निहाल विहार, बेगमपुर, मायापुरी थाने की रामचंद्र बस्ती में चोटी कटने की घटनाओं में किसी बाहरी शख्स का हाथ होने की गुंजाइश न के बराबर है। ऐसे में पुलिस ने अपनी जांच का एंगल उन्हीं महिलाओं और उनके परिजनों की तरफ मोड़ दिया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि जांच के दूसरे किसी विकल्प को ठुकराया जा रहा है। मगर, अब तक जितने भी मामले हुए हैं उन सभी में एक कॉमन बात यह रही कि लगभग सभी की चोटियां घर के अंदर कटीं। इनमें से अधिकतर के घर के मुख्य दरवाजे बंद थे। कई जगह सीसीटीवी भी लगे थे, जिनमें कोई संदिग्ध शख्स वारदात के समय कैद नहीं हुआ है। ऐसे में यह संभावना ज्यादा है कि चोटियां काटने वाला घर में ही है। मथुरा-आगरा से शुरू हुई महिलाओं की चोटी काटे जाने की दहशत पश्चिमी से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैलती दिखाई दे रही है। गुरुवार को भी देहात से शहरों तक जगह-जगह महिलाओं की चोटी काटने के मामले सामने आए। ताजा घटनाएं बुलंदशहर और शाहजहांपुर से सामने आई हैं।

बुलंदशहर जिले के के दो गांवों में तीन महिलाओं की चोटी काट ली गई। थाना नरसेना के गांव यूनिसपुर में गुरुवार रात महिला बिलकिश और जयश्री अपने-अपने घरों में आराम कर रही थीं। तभी अचानक इन दोनों महिलाओं की चोटी कट गई।

घटना की जानकारी थाना पुलिस को भी दी गई है। इससे महिलाओं में दहशत है।

उधर, ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट में घर में सो रही महिला मिथलेश की भी चोटी कट गई। कमरे में महिला बेहोशी की हालत में मिली। शुक्रवार की सुबह खुलासे से गांव में दहशत का माहौल है।

शाहजहांपुर में चोटी कटने की तीसरी घटना तिलहर के मलूकापुर गांव में घटी। जहां ओमवती पत्नी सुरेश गंगवार के रात में सोते समय कोई चोटी काट गया। इससे पहले तिलहर के ही मौजमपुर में नूर फात्मा और जैतीपुर में भी रोशनी नाम की लड़की की चोटी काटने की घटना हो चुकी है।

Leave a Reply