Breaking News

बुलेट ट्रेन नोटबंदी जैसी होगी, जो अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को खत्म कर देगी: चिदंबरम

नई दिल्ली
कांग्रेस ने नोटबंदी के बाद मोदी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट बुलेट ट्रेन पर हमला बोला है। चिदंबरम ने शनिवार को कहा- “बुलेट ट्रेन नोटबंदी जैसी होगी, जो अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को खत्म करती जाएगी।” उन्होंने कहा कि इसमें इस्तेमाल होने वाला पैसा रेलवे की सेफ्टी और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उनका यह बयान मुंबई के एलफिन्सटन फुटब्रिज में भगदड़ के बाद आया है। इसमें शुक्रवार को 23 लोगों की मौत हो गई थी। उधर, महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) के चीफ राज ठाकरे ने भी कहा है कि मुंबई में रेलवे की स्थिति नहीं सुधरी, तो बुलेट प्रोजेक्ट शुरू नहीं होने देंगे।
पी. चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा- ” मुंबई और अहमदाबाद को जोड़ने वाली बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट आम लोगों के लिए नहीं है, बल्कि यह अमीर और ताकतवर लोगों के अहम का ट्रिप होगा।” “रेलवे मिनिस्टर पीयूष गोयल को एक लाख करोड़ रुपए देश में रेलवे की सेफ्टी को सुनिश्चित करने के लिए देना चाहिए। बुलेट ट्रेन नोटबंदी जैसी होगी। यह सेफ्टी के साथ सबकुछ खत्म कर देगी।”
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की कॉस्ट 1.20 लाख करोड़ रुपए है। जापान महज 0.1 इंट्रेस्ट रेट पर 50 साल के लिए करीब 88 हजार करोड़ रुपए का कर्ज दे रहा है। यानी ये बहुत सस्ता कर्ज है। मेक इन इंडिया के तहत देश में 2025 तक सस्ती बुलेट ट्रेनें बनेंगी। इससे इम्पोर्ट का पैसा बचेगा। इस प्रोजेक्ट में ट्रेन-ट्रैक-इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हर किलोमीटर के लिए 263 करोड़ रुपए लगेंगे।
यह बुलेट ट्रेन 2022 तक चलाई जानी है। 508 किमी के मुंबई-अहमदाबाद रूट पर बुलेट ट्रेन की मैक्जिमम स्पीड 350 किमी/घंटा होगी। यह 12 स्टेशनों से गुजरकर तीन घंटे में मुंबई से अहमदाबाद पहुंचेगी। 2022 तक ये प्रोजेक्ट पूरा होने की उम्मीद है।
508 किमी में से 468 किमी लंबा ट्रैक एलिवेटेड रहेगा। 7 किमी का हिस्सा समुद्र के अंदर होगा। 25 किमी का रूट सुरंग से गुजरेगा। बुलेट ट्रेन 70 हाईवे, 21 नदियां पार करेगी। 173 बड़े और 201 छोटे ब्रिज बनेंगे। शुरुआत 10 कोच वाली 35 बुलेट ट्रेनों से होगी। एक बुलेट ट्रेन में 750 लोग बैठ सकेंगे। बाद में 1200 लोगों के लिए 16 कोच हो जाएंगे। 2050 तक इन ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर 105 करने का प्लान है। बुलेट ट्रेनों में हर दिन 36,000 पैसेंजर्स सफर करेंगे। ये ट्रेनें रोजाना 70 फेरे लगाएंगी। 20 घंटे की रनिंग के बाद एक ट्रेन को साफ करने में 4 घंटे लगेंगे। 350 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली ये बुलेट ट्रेन अगर सभी 12 स्टेशंस पर रुकती है तो 2 घंटे 58 मिनट में मुंबई से अहमदाबाद पहुंचेगा। अगर ये ट्रेन 4 स्टेशंस पर रुकेगी तो ये 2 घंटे 7 मिनट में मुंबई से अहमदाबाद पहुंचेगी।
ये हैं 12 स्टेशन: मुंबई BKC, ठाणे, विरार, भोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भड़ूच, वड़ोदरा, आणंद, अहमदाबाद और साबरमती को कवर करेगी। मुंबई-अहमदाबाद के बीच अभी हवाई किराया 3500 से 4000 रुपए के आसपास है। बुलेट ट्रेन में यह किराया 2700 से 3000 रुपए के बीच हो सकता है। बता दें कि मुंबई-अहमदाबाद का एक महीने का एयर फेयर 1500-3500 रुपए है। वहीं 5.25 मिनट लेने वाली दुरंतो का किराया 2000 रुपए है।

Leave a Reply