न्यूयॉर्क
भारत एक जनवरी से अस्थायी सदस्य के तौर पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में शामिल हो गया। यूएनएससी में पांच स्थायी सदस्य और 10 अस्थायी सदस्य होते हैं। भारत को अस्थायी सदस्य के तौर पर यूएनएससी में आठवीं बार सीट मिली है।
भारत अस्थायी सदस्य के तौर पर अंतरराष्ट्रीय नियमों और कानूनों के पालन पर भी जोर देगा। भारत शुरू से बहुपक्षवाद (एक साथ कई देशों को साथ लेकर चलना) को कायम रखने में बड़ी भूमिका निभाता रहा है और अस्थायी सदस्य के रूप में इस कोशिश को और बढ़ावा दिया जाएगा। यूएनएससी के सदस्य के तौर पर कार्यकाल में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, शांति रक्षा, समुद्री सुरक्षा, ज्यादा से ज्यादा देशों को साथ लेकर चलना, लोगों के लिए टेक्नोलॉजी, महिलाओं और युवाओं के कल्याण जैसे मामले भारत की प्राथमिकता शामिल रहेंगे।
भारत, नार्वे, केन्या, आयरलैंड और मैक्सिको साल 2021 में अस्थायी सदस्य के तौर पर शामिल हुए हैं। इनके अलावा एस्टोनिया, नाइजर, सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस, ट्यूनीशिया और वियतनाम यूएनएससी के अस्थायी सदस्य हैं। चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका स्थायी सदस्य हैं। भारत अगस्त 2021 में यूएनएससी की अध्यक्षता करेगा और फिर 2022 में एक महीने के लिए परिषद की अध्यक्षता करेगा। सदस्यों को बारी-बारी से परिषद की अध्यक्षता करने का अवसर मिलता है।
