Breaking News

महराजगंज में पूछताछ के बाद भाजपा नेता को पुलिस ने छोड़ा, पीड़ित परिवार ने घर छोड़ा


रिपोर्टर रतन गुप्ता महराजगंज

महराजगंज। शहर में बीते करीब आठ दिन से भाजपा नेता पर लग रहे दुष्कर्म के आरोपों पर विराम लग गया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी भाजपा नेता को छोड़ दिया। दूसरी तरफ पीड़ित युवती व अन्य ने किराए का मकान छोड़ दिया है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता पर लगाए गए गंभीर आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। पीड़िता ने न्यायालय में अपना बयान दर्ज कराया। शाम को पीड़िता अपनी बहनों के साथ अपने पैतृक गांव संतकबीरनगर में चली गई।

बीते दिनों एक भाजपा नेता पर दुष्कर्म, हत्या, मारपीट, एससीएसटी एक्ट के आरोप लगाए गए थे। पुलिस का कहना है कि पीड़िता ने अपने साथ घटना होने की बात नहीं कही। दिन भर इस बात को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा होती रही। उधर, मृत राजू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है।

सदर कोतवाल रवि कुमार राय ने बताया कि पूछताछ, जांच पड़ताल, बयान के आधार पर कोई आरोप नहीं बनने से आरोपी को छोड़ दिया गया है। मामले में गहन जांच की गई। यही वजह है कि जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाया जाता है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है, विसरा प्रिजर्व है। युवती का मेडिकल, न्यायालय में बयान कराया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया गया है। 164 के बयान, वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर विवेचना का निस्तारण किया जाएगा।

डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक

बेटियों की सुरक्षा के दावे फेल
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियों की सुरक्षा के दावे फेल हो गए हैं। कानून व्यवस्था का डर नहीं रहने के कारण अपराध बढ़ रहा है। अगर पीड़िता चाहे तो पार्टी उसकी मदद के लिए तैयार है। अचानक सब कुछ बदल गया, समझ में नहीं आ रहा है।


आरोप खारिज होना समझ में नहीं आ रहा

बहुजन समाज पार्टी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार राव के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला, जिसमें जिले में हो रहे अपराधों को लेकर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग की गई। कोल्हुई क्षेत्र के सोनपिपरी गांव में कुछ दिन पूर्व हुए मामले में भी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इतने गंभीर आरोप लगाने के बाद अचानक सिरे से खारिज होना, समझ में नहीं आ रहा है। इस दौरान तबारक हुसैन, जितेंद्र कुमार गौतम, दीपलाल भारती, नंदू प्रसाद, संतोष कुमार गौतम, दीपचंद आदि मौजूद रहे।


कांग्रेस पार्टी हमेशा शोषितों पीड़ितों की आवाज बुलंद करती है। अगर बेटी को कभी जरूरत पडे़गी तो न्याय दिलाने के लिए पार्टी संघर्ष करने के लिए तैयार है। जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। पुलिस को इस पर नियंत्रण करने की जरूरत है।

-शरद कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस


एक झटके में वह अपने घर चली गई

भारतीय किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष किसान नेता राजू कुमार गुप्ता ने कहा कि अचानक एक झटके में वह अपने घर चली गई। चंद मिनटों में क्या हो गया कि उसका सब डर समाप्त हो गया। अगर कोई आरोप पर कायम नहीं रहेगा, तो कानून कोई कुछ कर भी नहीं सकता है। पीड़िता के अधिकार में है कि वह सच्चाई बयां करें।


पार्टी नेतृत्व को सूचना दी गई है। अभी कोई निर्देश नहीं आया है। जैसे निर्देश मिलेगा, उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • संजय पांडेय, जिला संयोजक, भाजपा

आगे की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही

महराजगंज। आरोपी भाजपा नेता को करीब तीन चार घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ दिया। शहर में इस बात की चर्चा है कि युवती ने बयान में कोई ऐसी बात नहीं बताई है, जिससे भाजपा नेता की मुश्किल बढ़े। पहले लगाए गए आरोपों को शायद खारिज कर दिया है। बयान दर्ज कराने के बाद बताया जा रहा है कि संतकबीरनगर जिले के अपने गांव में बहनों व भाइयों के साथ चली गई। किराए वाले कमरे में पर कोई नहीं मिला। आरोपी भाजपा नेता ने सभी आरोप बेबुनियाद करार दिया। कोतवाल रवि कुमार राय ने बताया कि बयान दर्ज होने के बाद अब कोई समस्या नहीं है। कोई आरोप नहीं लगाया गया है। आगे की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है।

Leave a Reply