Breaking News

महराजगंज वासियों का दर्द: बदहाल सड़कों ने बढ़ा दीं दुश्वारियां


रिपोर्टर रतन गुप्ता महराजगंज

महराजगंज। करंट दौड़ते झूलते तार, खराब सड़कों ने लोगों की दुश्वारियों को बढ़ा दिया है। मुहल्ले के लोगों की समस्याओं के बीच जीवन गुजर-बसर करने की आदत बन चुकी है। सड़क, नाली, बिजली समेत बुनियादी समस्याओं के समाधान पर कारगर पहल नहीं की जा रही है। मुहल्ले के कुछ हिस्सों में बारिश होने पर घर तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
शास्त्री नगर मुहल्ले के ज्यादातर हिस्सों में झूलते तार बड़े खतरे का कारण बन सकते हैं। मुहल्ले की आबादी करीब 3200 है। सबसे बड़ी समस्या विद्युत खंभों की कमी है। घरों तक केबल ले जाने के लिए बांस-बल्ली या घरों के छत से होकर ले जाना पड़ता है। केबल कहीं-कहीं कटे होती हैं, इससे करंट लगने का खतरा हमेशा रहता है। यूनियन बैंक से होकर जाने वाली गली में भी झूलते तार दिखते हैं। इसी तरह से मुहल्ले के अन्य हिस्सों में यही तस्वीर दिखती है। लोग कहते हैं कि शिकायत के बाद भी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। बारिश होने पर कुछ हिस्सों में जलभराव से दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं। सड़क भी ठीक हालत में नहीं है। ईंट का टुकड़ा सड़क में डाला है, इससे पैर में चोट लगती है। नाली की दशा भी बदहाल है। मुहल्ले की ज्यादातर नालियां जाम हैं, इस वजह से पानी बडे़ नाले में नहीं गिरता है।

समस्या का समाधान कराने के दावे तो सभी करते हैं, लेकिन निस्तारण कितना हो रहा है। यह बताने की जरूरत नहीं है।
-ज्योत्सना, शास्त्री नगर
पोल की जरूरत है। घरों तक जो केबल गई है, वह बांस-बल्ली के सहारे हैं। सड़क भी ठीक हालत में नहीं है। नाली जगह-जगह क्षतिग्रस्त है।
-संजय श्रीवास्तव
रात में मुहल्ले की सड़कों से गुजरने पर बहुत संभल कर जाना पड़ता है। ज्यादातर हिस्सों में स्ट्रीट लाइट भी ठीक नहीं है। अंधेरा होने के कारण समस्या होती है।
-रामनाथ प्रजापति
नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी सड़क के किनारे फैल जाता है। इससे संक्रामक रोगी के चपेट में आने का खतरा रहता है।-इंद्रावती देवी

सड़क निर्माण के 17 व बिजली पोल के लिए 74 प्रस्ताव दिए गए हैं। बरसात के बाद सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन मिला है। धन उपलब्ध होने पर ही सड़क निर्माण व विद्युत पोल लगाए जाएंगे। मुहल्ले में चार ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ाने का भी प्रस्ताव दिया गया है। समस्याओं का समाधान कराने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।

-डॉ. सिद्धार्थनाथ शुक्ला, सभासद, शास्त्री नगर

नगर के विकास के लिए कार्ययोजना बनी है। मुहल्लों में जरूरत के अनुसार काम कराया जा जाएगा। सुविधाओं को बेहतर करने का प्रयास जारी है।

-डॉ. पुष्पलता लता मंगल, अध्यक्ष, नगर पालिका, महराजगंज

Leave a Reply