रतन गुप्ता उप संपादक
एसएसपी के निर्देश पर शाहपुर पुलिस ने बशारतपुर के अशोक नगर निवासी आरोपी पर दर्ज किया केस
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर एक जालसाज ने तीन लोगों से 10.79 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ितों की शिकायतों के बाद एसएसपी के निर्देश पर शाहपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात बशारतपुर के अशोक नगर निवासी पुनीत वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के कृष्णा नगर प्राइवेट कॉलोनी निवासी बीना सिंह ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति प्रदीप सिंह की जान पहचान अशोक नगर निवासी पुनीत वर्मा से थी। बीना के मुताबिक वर्ष 2020 में एक दिन पुनीत ने उनके पति से कहा कि गोरखपुर एम्स के डायरेक्टर से उसकी अच्छी जान पहचान है। एम्स में उनकी पत्नी की नौकरी लगवा देगा। पति उसके झांसे में आ गए और दो-तीन बार में 4.79 लाख रुपये पुनीत के पिता बसंत वर्मा के खाते में भेज दिए।
इसके बाद अपने दो दोस्तों चिलुआताल इलाके के ग्राम गायघाट धोलहवा निवासी पंकज चौधरी से चार लाख और नवनीत यादव से दो लाख रुपये भी एम्स में नौकरी के नाम पर पुनीत के पिता के खाते में जमा करा दिए। पुनीत ने तीनों से कहा कि 25 अक्टूबर 2020 को नियुक्ति पत्र मिल जाएगा, लेकिन नहीं मिला। पूछने पर कहा कि हस्ताक्षर नहीं हुआ है एक महीने बाद पत्र मिल जाएगा। नवंबर 2020 में आरोपी पिता-पुत्र ने तीनों के घर जाकर नियुक्ति पत्र दिए।

तीनों ज्वॉइनिंग लेटर लेकर गोरखपुर एम्स पहुंचे तो पता चला कि लेटर फर्जी है। जब वे आरोपी के घर पहुंचे और अपने रुपये वापस मांगने लगे तो उसने गाली देते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत उन लोगों ने थाना व चौकी पर की, लेकिन कहीं से न्याय नहीं मिला। इसी तरह चार साल बीत गए। उसके बाद एसएसपी से गुहार लगाई। उनके निर्देश पर शाहपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
