*रतन गुप्ता नौतनवा*
नौतनवां तहसील में प्रदर्शन के दौरान एसडीएम को सौंपा 20 सूत्रीय मांग-पत्र
पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने आज नौतनवां तहसील में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के तहत अपने स्टेशन चौराहा स्थित कैंप कार्यालय से करीब 12 बजे पैदल मार्च शुरू किया। समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए वह तहसील गेट तक पहुंचे, जहां प्रशासन ने उन्हें रोक लिया।
तहसील गेट पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने केवल अमन मणि त्रिपाठी को ज्ञापन देने के लिए तहसील परिसर में प्रवेश की अनुमति दी, जबकि उनके समर्थक बाहर ही मौजूद रहे।
तहसील के अंदर पहुंचने के बाद अमन मणि त्रिपाठी ने गेट के बाहर खड़े अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि भूमिया विवाद, फर्जी रजिस्ट्री और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों को प्रशासन का संरक्षण मिल रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री को संबोधित 20 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम नौतनवां को सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क था और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्यापक पुलिस बल की तैनाती की गई थी
