Breaking News

नेपाल जाने के लिए अब पासपोर्ट है जरूरी? वायरल दावे पर नेपाल पर्यटन बोर्ड ने किया खंडन


*रतन गुप्ता सोनौली*

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने उन खबरों का पूरी तरह खंडन किया है जिनमें दावा किया गया था कि भारतीय नागरिकों के लिए नेपाल प्रवेश के नियमों में बदलाव किया गया है। बोर्ड ने साफ किया कि जोगबनी सीमा या अन्य रास्तों से आने वाले भारतीयों के लिए किसी भी तरह की नई पाबंदी या आईडी कार्ड की अनिवार्य जांच शुरू नहीं की गई है।

सोशल मीडिया और कुछ मीडिया पोर्टल्स पर चल रही ये खबरें कि अवैध घुसपैठ रोकने के लिए सख्ती की गई है, पूरी तरह निराधार हैं। नेपाल सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोनों देशों के बीच खुली सीमा की पुरानी व्यवस्था पहले की तरह ही जारी है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, भारतीय पर्यटकों के लिए यात्रा नियमों में बदलाव की खबरें तथ्यों से परे हैं। बोर्ड ने उन दावों को गलत बताया है जिनमें कहा गया था कि नेपाल में भारतीयों के रुकने की अवधि 30 दिन तक सीमित कर दी गई है या ज्यादा समय रुकने पर गाड़ियां जब्त की जाएंगी। सरकार का कहना है कि भारत और नेपाल के बीच जो ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं, उनमें कोई कड़वाहट नहीं आई है और न ही नियमों को सख्त किया गया है।

सीमा पर सुरक्षा का दावा
पिछले दिनों नेपाली मीडिया में मोरंग के अधिकारियों के हवाले से खबरें आई थीं कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद सुरक्षा कारणों से सीमा पर जांच बढ़ा दी गई है। हालांकि, अब आधिकारिक बयान में कहा गया है कि द्विपक्षीय समझौतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। नेपाल सरकार ने स्पष्ट किया है कि सीमा पर किसी भी तरह की ‘नई’ पाबंदी नहीं लगाई गई है, जो भारतीय पर्यटकों की सुगम यात्रा में बाधा बने। खुली सीमा की व्यवस्था वैसी ही बनी हुई है।

ऑनलाइन परमिट की नई सुविधा
पर्यटन विभाग ने बताया कि असल में नियमों को सख्त नहीं, बल्कि आसान बनाया गया है। नेपाल सरकार ने एक नई डिजिटल प्रणाली शुरू की है जिससे अपनी गाड़ी से नेपाल जाने वाले भारतीय पर्यटक अपना प्रवेश परमिट और शुल्क ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य सीमा चौकियों पर होने वाली भीड़भाड़ और असुविधा को कम करना है, ताकि सैलानी बिना किसी परेशानी के नेपाल की यात्रा का आनंद ले सकें और कागजी कार्यवाही में समय न बीते।

क्या आईडी कार्ड जरूरी है?
नियमों के अनुसार, यदि कोई भारतीय नागरिक हवाई जहाज से नेपाल जाता है, तो उसे अपनी पहचान साबित करने के लिए पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड दिखाना जरूरी होता है। हवाई यात्रा के दौरान आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस मान्य नहीं होते हैं। वहीं, सड़क मार्ग से जाने वाले पर्यटकों के लिए सामान्य पहचान की जरूरत होती है, लेकिन पर्यटन बोर्ड ने साफ किया है कि अचानक से कोई ‘अनिवार्य’ नया आईडी नियम लागू नहीं किया गया है जो पहले से अलग हो।

नेपाल सरकार का आधिकारिक स्वागत
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने भारतीय पर्यटकों का स्वागत करते हुए कहा है कि नेपाल आज भी भारतीयों के लिए ‘बिना वीजा’ और ‘बिना परेशानी’ वाला देश है। बयान में कहा गया है कि भारतीय अपनी कार से या हवाई मार्ग से कभी भी नेपाल आ सकते हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक जानकारियों पर भरोसा न करें। नेपाल और भारत के बीच पर्यटन सहयोग पहले की तरह ही मजबूत है और भारतीय मेहमानों का वहां हमेशा स्वागत है

Leave a Reply