Breaking News

महासम्मेलन से पहले जिलाध्यक्ष हाऊस अरेस्ट प्रधान संघ नेताओं पर कार्रवाई

*रतन गुप्ता नौतनवा*

महराजगंज में पंचायत चुनाव और प्रशासक नियुक्ति को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। ग्राम प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी को पुलिस ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया, जबकि नौतनवां ब्लॉक ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं सेखुआनी ग्राम प्रधान जितेंद्र वर्मा को परसामलिक पुलिस ने थाने पर बैठा लिया। आरोप है कि दोनों नेताओं को 20 मई को लखनऊ में प्रस्तावित प्रधान महासम्मेलन में शामिल होने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई। इस घटना के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है और प्रधान संगठन ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।

महासम्मेलन में जाने से रोकने की साजिश

प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव टलने की स्थिति में वर्तमान प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने की मांग को लेकर लखनऊ में महासम्मेलन बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन उन्हें इस सम्मेलन में शामिल होने से रोकना चाहते हैं, इसलिए सुबह से ही उन्हें नजरबंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हम सरकार के विरोध में नहीं हैं। हमारी मांग सिर्फ इतनी है कि गांवों में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे और चुने हुए जनप्रतिनिधियों को ही जिम्मेदारी दी जाए।

“ADO पंचायत को प्रशासक बनाने से विकास होगा प्रभावित”

अनिल कुमार जोशी ने कहा कि यदि वर्ष 2021 की तरह फिर से एडीओ पंचायत को प्रशासक बनाया गया, तो गांवों में विकास कार्य प्रभावित होंगे और जनता की भागीदारी भी कम हो जाएगी। प्रधान संगठन की मांग है कि पंचायत चुनाव होने तक वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए या उन्हें ही प्रशासक समिति के रूप में जिम्मेदारी सौंपी जाए। इसी बीच नौतनवां ब्लॉक ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा भी मंगलवार को लखनऊ जाने की तैयारी में थे, लेकिन आरोप है कि परसामलिक पुलिस ने उन्हें थाने में बुलाकर बैठा लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रधान संगठन और समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई है। संगठन का कहना है कि प्रशासन लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply