Breaking News

सोनौली बार्डर पर मालवाहक ट्रकों का लगा 8 किमी लंबा जाम

*रतन गुप्ता सोनौली*

यातायात व्यवस्था प्रभावित, राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें

सर्विस लेन का भी बुरा हाल

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक वाहनों का दबाव लगातार बना हुआ है। चार दिन बीत जाने के बाद भी ट्रकों की लंबी कतार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार रात कस्टम और नेपाल भंसार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 300 से अधिक मालवाहक वाहनों को नेपाल भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद नो-मैन्स लैंड से कुनसेरवा बाईपास तक करीब 8किलोमीटर लंबी ट्रकों की लाइन लगी रही। इससे सीमा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई है।

सीमा पर ट्रकों का दबाव कम करने के लिए भारतीय कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से लगातार वाहनों की निकासी कराई जा रही है। इसके बावजूद नेपाल भंसार में वाहनों की धीमी जांच और सीमित प्रवेश क्षमता के कारण जाम की स्थिति पूरी तरह समाप्त नहीं हो पा रही है। बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन अब भी नेपाल प्रवेश की प्रतीक्षा में खड़े हैं।

ट्रक चालक अरुण कुमार, प्रदीप यादव, सुनील कुमार, परमहंस, दिवाकर, सुरेश प्रसाद, आदिल और चंदन निवासी बलिया, देवरिया, बहराइच और मेरठ ने बताया कि कई दिनों से सड़क पर खड़े रहने के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। भोजन, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव के साथ ही वाहनों के लगातार खड़े रहने से डीजल की खपत भी बढ़ रही है। समय से माल की आपूर्ति नहीं हो पाने से ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि भारतीय सीमा क्षेत्र में जाम की स्थिति को देखते हुए नेपाल भंसार अधिकारियों से वार्ता की गई है। वाहनों की निकासी तेजी से कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मालवाहक वाहनों की लंबी कतार से सीमा क्षेत्र के स्थानीय लोगों और नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। सड़क पर ट्रकों के एक लेन में खड़े रहने से छोटे वाहन भी जाम में फंस रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वाहनों की निकासी प्रक्रिया तेज कराने और यातायात व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है। सीमा पर तैनात प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस,कस्टम और सुरक्षा एजेंसियां लगातार वाहनों की निकासी में जुटी हैं।

Leave a Reply