*रतन गुप्ता सोनौली*
सोनौली /भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को एसएसबी 66वीं वाहिनी और सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी भारत से नेपाल की ओर इलेक्ट्रिक स्कूटी से पगडंडी मार्ग के रास्ते जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 66वीं वाहिनी के डी समवाय डंडा हेड की आसूचना एवं विशेष आसूचना टीम को सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या 519 से करीब 100 मीटर भारतीय क्षेत्र में स्थित फरेनी गांव के पास से एक व्यक्ति मादक पदार्थ की तस्करी करते हुए नेपाल जाने वाला है। सूचना मिलते ही कंपनी प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने सोनौली पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
जांच के दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सलमान निवासी कोल्हीई बाजार बताया।
सोनौली के कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
