Breaking News

भारत-नेपाल सीमा पर नौतनवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खाद तस्करी करते पांच नेपाली नागरिक गिरफ्तार

 

*रतन गुप्ता सोनौली*

भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पांच बोरी भारतीय यूरिया, एक बोरी सुपर फास्फेट खाद तथा पांच साइकिल बरामद की गई हैं। बरामद सामान और आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह एवं थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान की गई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर करीब 1:34 बजे मुखबिर की सूचना पर सुंडी-नौसडिहा घाट के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान पांच संदिग्धों को साइकिलों पर भारतीय खाद नेपाल ले जाते हुए पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से पांच बोरी भारतीय यूरिया, एक बोरी सिंगर सुपर फास्फेट पाउडर तथा पांच साइकिल बरामद हुईं। सभी के खिलाफ कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत कार्रवाई करते हुए मामले को कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शम्भू (40) निवासी कोटई माई, संदीप यादव (23) निवासी ओड़वलिया, विमलेश राजभर (18) एवं रामकेश राजभर (19) निवासी खजानी तथा प्रिंस बनिया (24) निवासी कोटई माई, जिला रुपनदेही (नेपाल) के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत दुबे, कांस्टेबल हिमांशु सिंह, कांस्टेबल प्रयाग ओझा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

भारत-नेपाल सीमा पर खाद की अवैध तस्करी रोकने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में खाद तस्करी के खिलाफ यह एक और बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

Leave a Reply