Breaking News

मौत को दावत देता नेशनल हाइवे मेन से लेकर सर्विस लेन तक: सर्विस लेन पर ट्रकों के रूप मे लौह दानव

 

सोनौली/महराजगंज।

भारत-नेपाल सीमा से जुड़े व्यस्त सोनौली मार्ग पर सर्विस लेन इन दिनों अवैध ट्रक पार्किंग के कारण लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क किनारे ट्रकों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नौतनवा से सोनौली जाने वाली सर्विस लेन पर जहां ट्रकों की कटिंग और लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य होता है, वहीं सोनौली से नौतनवा जाने वाली सर्विस लेन पर कई ट्रांसपोर्टर बुकिंग मिलने तक खाली ट्रकों को घंटों और कई बार दिनों तक खड़ा कराते हैं। इससे पूरी सर्विस लेन अतिक्रमित हो जाती है।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि नौतनवा की ओर से आने वाले वाहन चालकों को सर्विस लेन बंद मिलने पर मुख्य मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। कई स्थानों पर ट्रकों के कब्जे के कारण लोगों को कई किलोमीटर आगे जाकर यू-टर्न लेकर वापस आना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। साथ ही आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पर ट्रकों की अवैध पार्किंग खुलेआम यातायात नियमों का उल्लंघन है, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर मौन बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस लेन से तत्काल अवैध रूप से खड़े ट्रकों को हटाया जाए, ट्रांसपोर्टरों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किया जाए तथा नियमित अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply